हर साल मानसून के साथ बारिश जहां गर्मी से राहत लेकर आती है, वहीं डेंगू का खतरा भी तेजी से बढ़ जाता है। देश के कई राज्यों में अस्पतालों में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है। तेज बुखार, शरीर और जोड़ों में असहनीय दर्द, प्लेटलेट्स कम होने का डर और गंभीर मामलों में अस्पताल में भर्ती होने की नौबत लोगों की चिंता बढ़ा देती है। लगभग हर परिवार या आसपास के किसी न किसी व्यक्ति के डेंगू से संक्रमित होने की खबर सुनने को मिलती है। यही वजह है कि बारिश का मौसम आते ही लोग मच्छरों से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने लगते हैं। अब इसी बीच देश के लिए राहत देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है।
भारत में पहली बार डेंगू से बचाव के लिए एक वैक्सीन को नियामकीय मंजूरी मिल गई है। इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में यह वैक्सीन डेंगू के बढ़ते खतरे को कम करने और गंभीर मामलों में राहत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती है। जापान की दवा कंपनी टाकेडा द्वारा विकसित वैक्सीन को भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने मंजूरी दे दी है। यह भारत में डेंगू से बचाव के लिए स्वीकृत होने वाली पहली वैक्सीन है। इसे 4 से 60 वर्ष की आयु के लोगों के लिए मंजूरी मिली है। हालांकि अभी यह वैक्सीन बाजार में उपलब्ध नहीं होगी। नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद इसके आयात और वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उम्मीद है कि वर्ष 2027 की पहली छमाही में यह लोगों के लिए उपलब्ध हो सकती है।
भारत में इसका आयात टांकेगा बायोफॉरमेंक्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड रेगी। भारत उन देशों में शामिल है जहां हर साल बड़ी संख्या में डेंगू के मामले सामने आते हैं। बारिश के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ने के साथ संक्रमण तेजी से फैलता है। अब तक डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों से बचना, घर और आसपास पानी जमा न होने देना, साफ-सफाई रखना और पूरी बाजू के कपड़े पहनना ही माना जाता था। लेकिन अब वैक्सीन को मंजूरी मिलने से इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई को नई मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि भविष्य में यह वैक्सीन बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचती है तो डेंगू के गंभीर मामलों, अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत और बीमारी से होने वाली जटिलताओं को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि विशेषज्ञ यह भी स्पष्ट करते हैं कि वैक्सीन आने के बाद भी मच्छरों से बचाव और स्वच्छता के उपाय उतने ही जरूरी रहेंगे।
दो खुराक में मिलेगी सुरक्षा, चारों प्रकार के डेंगू वायरस से बचाव की तैयारी
QDENGA (TAK-003) वैक्सीन दो खुराक में दी जाएगी। पहली खुराक लेने के लगभग तीन महीने बाद दूसरी खुराक लगाई जाएगी। इस दो-डोज़ प्रणाली का उद्देश्य शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाना है, ताकि डेंगू वायरस के संक्रमण की स्थिति में शरीर बेहतर तरीके से उसका मुकाबला कर सके। डेंगू वायरस के चार अलग-अलग प्रकार (सीरोटाइप) होते हैं। किसी व्यक्ति को एक बार डेंगू होने के बाद भी भविष्य में दूसरे प्रकार के वायरस से संक्रमण हो सकता है और कई बार दूसरी बार होने वाला संक्रमण अधिक गंभीर भी साबित होता है। यही कारण है कि इस वैक्सीन को खास माना जा रहा है, क्योंकि इसे डेंगू वायरस के चारों प्रकारों के खिलाफ शरीर में प्रतिरक्षा विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यह मंजूरी केवल एक वैक्सीन की स्वीकृति नहीं बल्कि भारत में डेंगू नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यदि भविष्य में टीकाकरण कार्यक्रम व्यापक स्तर पर लागू होता है, तो इससे हर साल डेंगू के कारण अस्पतालों पर बढ़ने वाले दबाव को कम करने और लाखों लोगों को राहत देने में मदद मिल सकती है। हालांकि, जब तक वैक्सीन आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
घर और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें, मच्छरदानी और रिपेलेंट का उपयोग करें तथा बुखार आने पर बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें। डेंगू के खिलाफ भारत की यह नई उपलब्धि भविष्य के लिए उम्मीद की किरण लेकर आई है। यदि वैक्सीन तय समय पर उपलब्ध होती है और व्यापक स्तर पर इसका उपयोग शुरू होता है, तो आने वाले वर्षों में डेंगू से होने वाले संक्रमण और गंभीर मामलों में उल्लेखनीय कमी देखने को मिल सकती है। सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसे एक ऐतिहासिक और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

















Leave a Reply