प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडोदरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात दौरे से पहले वडोदरा में उनके कार्यक्रम को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के लिए मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आलम यह रहा कि सिर्फ एक घंटे के भीतर कार्यक्रम की सभी उपलब्ध सीटें भर गईं। मांग इतनी अधिक रही कि क्षमता से करीब तीन गुना तक पंजीकरण की कोशिशें सामने आईं। ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के बाद 42 हजार से ज्यादा लोगों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए डिजिटल टिकट और क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है, जबकि मैदान में जगह नहीं पाने वाले लोगों के लिए विशेष फैन जोन बनाए गए हैं। वडोदरा नगर निगम की ओर से इस बार भीड़ नियंत्रण और प्रवेश व्यवस्था को डिजिटल बनाने के लिए निजी ऑनलाइन टिकटिंग मंच बुकमायशो के माध्यम से मुफ्त पंजीकरण की व्यवस्था की गई। सरकारी या राजनीतिक कार्यक्रम में इस तरह ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए प्रवेश सुनिश्चित करने का प्रयोग खासा चर्चा में है। इससे आयोजकों को अनुमानित भीड़ का आंकड़ा जुटाने और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
पंजीकरण शुरू होते ही लोगों ने तेजी से अपनी जगह सुरक्षित करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते कार्यक्रम की निर्धारित क्षमता पूरी हो गई और ऑनलाइन पंजीकरण रोकना पड़ा। इसके बाद हजारों लोगों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया। बताया गया कि कार्यक्रम में उपलब्ध क्षमता के मुकाबले करीब तीन गुना अधिक मांग दर्ज की गई। इससे साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी को सुनने और कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के लिए वडोदरा के लोगों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले पंजीकृत लोगों के बुकमायशो खातों पर डिजिटल एम-टिकट जारी किया गया है। यह टिकट कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए जरूरी होगा। एम-टिकट पर उपलब्ध लाइव क्यूआर कोड को प्रवेश के समय स्कैन किया जाएगा। इसके जरिए बिना कागजी टिकट के लोगों की पहचान और प्रवेश को नियंत्रित किया जा सकेगा।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कार्यक्रम को लेकर लोगों के उत्साह की जानकारी देते हुए बताया कि उपलब्ध क्षमता की तुलना में करीब तीन गुना ज्यादा मांग सामने आई। भारी मांग को देखते हुए प्रशासन ने उन लोगों के लिए भी व्यवस्था की है, जिन्हें मुख्य मैदान में प्रवेश का टिकट नहीं मिल पाया। ऐसे लोगों के लिए वडोदरा में विशेष फैन जोन तैयार किए गए हैं। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। यानी मुख्य मैदान की क्षमता पूरी हो जाने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि अत्यधिक भीड़ के बावजूद कार्यक्रम के दौरान यातायात, सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था सुचारु बनी रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा दौरे का महत्व केवल इस कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गुजरात को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। इन परियोजनाओं में रेल, सड़क, माल परिवहन और राज्य स्तरीय विकास कार्यों से जुड़ी कई बड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 किलोमीटर लंबे तीन प्रमुख खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन खंडों में न्यू सानंद-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इस कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सीधे जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण से जुड़ेगा। फ्रेट कॉरिडोर के इन हिस्सों के शुरू होने से देश के पश्चिमी हिस्से में माल ढुलाई की क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक क्षेत्रों से बंदरगाहों तक माल पहुंचाने में तेजी आएगी और मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा। गुजरात और महाराष्ट्र के औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्रों को इससे विशेष लाभ मिलने की संभावना है।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान कई नई मालगाड़ी सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। सानंद, मकरपुरा, उमरगांव और मुंबई स्थित जेएनपीटी को जोड़ने वाली नई मालगाड़ी सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख बंदरगाह के बीच माल परिवहन का नेटवर्क और मजबूत होगा। वहीं, आम यात्रियों के लिए भी प्रधानमंत्री एक नई यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत करेंगे। वडोदरा के प्रतापनगर और टांडा रोड के बीच नई यात्री ट्रेन शुरू की जाएगी। इस सेवा का सबसे बड़ा लाभ वडोदरा के साथ-साथ छोटा उदयपुर और अलीराजपुर के आदिवासी क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है। दूरदराज के इलाकों के लोगों के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होने से आवागमन आसान होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री करीब 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 329 किलोमीटर लंबी तीन प्रमुख रेल परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम रेल मार्ग की तीसरी और चौथी लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। रेल लाइनों के विस्तार से यात्री और माल परिवहन दोनों की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री लगभग 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने, यात्रा समय कम होने और परिवहन व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी आज गुजरात को 35 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का देंगे तोहफा
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान गुजरात सरकार की ओर से भी करीब 2,600 करोड़ रुपये की राज्य स्तरीय विकास परियोजनाओं की घोषणा की जाएगी। इस तरह वडोदरा का यह दौरा विकास के लिहाज से गुजरात के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास से गुजरात के बुनियादी ढांचे को नई गति मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर रेल और माल परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं गुजरात के औद्योगिक विकास और बंदरगाह आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
वडोदरा में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। डिजिटल प्रवेश, क्यूआर कोड आधारित टिकट जांच, फैन जोन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था के जरिए प्रशासन बड़ी संख्या में लोगों को व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी में है। मुख्य मैदान की सीटें महज एक घंटे में भर जाना इस कार्यक्रम की लोकप्रियता का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर जिस तरह से लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण के लिए प्रतिक्रिया दी, उससे आयोजकों के सामने भीड़ प्रबंधन की बड़ी चुनौती सामने आई है। हालांकि फैन जोन के जरिए मुख्य स्थल की क्षमता से बाहर रहने वाले लोगों को भी कार्यक्रम से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। अब सबकी नजर प्रधानमंत्री के वडोदरा दौरे और गुजरात को मिलने वाली इन बड़ी विकास परियोजनाओं पर है।


















Leave a Reply