Advertisement

प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास पर सजा सांस्कृतिक रंग, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन करते हुए उनके साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस विशेष आयोजन में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत की मनोहारी झलक देखने को मिली। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के साथ मां नंदा देवी की महत्ता पर आधारित नंदा राजजात की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। प्रस्तुति ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी जड़ों, परंपराओं और मातृभूमि की यादों से जोड़ते हुए सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहकर अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से उत्तराखण्ड का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रवासी समाज केवल प्रदेश से बाहर रहने वाला समुदाय नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों का सशक्त संवाहक है। 

उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को अपने साथ लेकर चलते हैं। ऐसे आत्मीय आयोजन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक रिश्तों को और मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। यह आवश्यक है कि राज्य से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी भी अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक रीति-रिवाजों से परिचित रहे। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। 

सरकार चाहती है कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बनें और अपने ज्ञान एवं अनुभव का लाभ यहां के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज के पास विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने का व्यापक अनुभव है, जिसका उपयोग राज्य में रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, पर्यटन और उद्यमिता के नए अवसर तैयार करने में किया जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि अपनी जन्मभूमि और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का यह महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अपने गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। कहा कि इस तरह के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे। इससे गांवों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही पलायन रोकने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और प्रवासी उत्तराखण्डियों के साझा प्रयास प्रदेश के विकास को नई गति देंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक विविधता और विशिष्ट पहचान को प्रस्तुत किया गया। विशेष रूप से मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता और उत्तराखण्ड की विशिष्ट परंपरा नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस प्रस्तुति में नंदा देवी के प्रति अटूट आस्था, लोकविश्वास, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामूहिक सहभागिता का भावपूर्ण चित्रण किया गया। 

प्रवासी उत्तराखण्डियों ने भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव महसूस किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की भी परिचायक हैं। ऐसे आयोजनों से लोकसंस्कृति के संरक्षण और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सीएम धामी ने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रदेश के प्रति प्रेम, अपनत्व और जुड़ाव उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखण्डी भविष्य में भी अपनी मातृभूमि के साथ इसी तरह आत्मीय संबंध बनाए रखेंगे और अपने अनुभव, प्रतिभा तथा सामर्थ्य से विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रवासियों ने की उत्तराखण्ड के विकास की सराहना

तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में शामिल हुए विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने प्रदेश के विकास, सांस्कृतिक पहचान और अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव को लेकर विचार साझा किए। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने गांव तक सड़क पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। वहीं, प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कविता के माध्यम से उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को रेखांकित किया। दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने भी प्रदेश की प्रतिभा, युवाओं के आत्मविश्वास और पहाड़ की जीवटता की सराहना की।

गांव तक सड़क पहुंचने पर केंद्रीय सचिव ने जताया आभार

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन केवल भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम नहीं है, बल्कि प्रदेश के विकास को नई गति देने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से तीन साल पहले पिथौरागढ़ स्थित उनके पैतृक गांव तक सड़क पहुंच गई। इससे अब वह अपने 120 साल पुराने पैतृक आवास का जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। पंत ने कहा कि जन्मभूमि हम सभी के लिए स्वर्ग के समान है और वह सेवानिवृत्ति के बाद अपना समय अपनी जन्मभूमि को ही समर्पित करेंगे।

प्रसून जोशी ने कविता से दिखाई उत्तराखण्ड की विकास यात्रा

प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी की भले ही अपनी बोली और भाषा पर पहले जैसी पकड़ न हो, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उसमें पिछली पीढ़ी से कहीं अधिक आत्मविश्वास है। पहले उत्तराखण्ड के लोग आवश्यक न होने पर अपनी पहचान जाहिर करने से बचते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने युवाओं में यह आत्मविश्वास पैदा करने के लिए राज्य सरकार की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी कविता ‘ये उत्तराखण्ड का उदय है, उदय में एक लय है, ये मस्तक गर्व का है, यहां न कोई भय है, ये उत्तराखण्ड का उदय है…’ सुनाकर प्रदेश की विकास यात्रा और बदलती पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

तेजी से विकसित हो रहा उत्तराखण्ड : मोहन सिंह बिष्ट

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भले ही उनकी कर्मभूमि कहीं भी हो, लेकिन इस बात का हमेशा गर्व रहेगा कि उत्तराखण्ड उनकी जन्मभूमि है। उत्तराखण्ड के लोगों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर देश-विदेश में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। राज्य की प्रगति और बदलती तस्वीर प्रत्येक उत्तराखण्डी के लिए गर्व का विषय है।

पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं : चित्रांशी

अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों में जितनी सरलता होती है, उतनी ही जीवटता और संघर्ष करने की क्षमता भी होती है। पहाड़ का व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए, लेकिन अपने भीतर के पहाड़ और उससे जुड़े संस्कारों को हमेशा जीवित रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उनकी क्षमताओं को उचित अवसर और मंच देने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *