Advertisement

हल्द्वानी से कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे का चुनावी शंखनाद, भाजपा-आरएसएस पर हमला, युवाओं को संदेश

उत्तराखंड की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट अब साफ सुनाई देने लगी है। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार, 8 अगस्त हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘विजय शंखनाद रैली’ को पार्टी ने चुनावी अभियान की बड़ी शुरुआत के रूप में प्रस्तुत किया। रैली केवल एक राजनीतिक सभा नहीं रही, बल्कि इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश, संगठन में नई ऊर्जा और आगामी चुनावों के लिए माहौल बनाने के प्रयास के रूप में देखा गया। इससे पहले जुलाई में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में हुई सभा ने भी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया था। अब हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी ने यह संकेत देने की कोशिश की कि कांग्रेस उत्तराखंड में चुनावी लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ने के मूड में है। रामलीला मैदान में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा, केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत युवाओं, रोजगार और लोकतंत्र के मुद्दों से करते हुए कहा कि देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगारी और अवसरों की कमी है। 

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज लाखों शिक्षित युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में लगभग 30 लाख पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन उन्हें भरने की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को अवसर मिला तो भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा और युवाओं को बिना सिफारिश तथा बिना धनबल के रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अपने भाषण में उन्होंने उत्तराखंड की भर्ती परीक्षाओं और रोजगार व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं का भरोसा सरकारी भर्तियों से उठता जा रहा है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच लगातार उठाती रहेगी और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जेल यात्राएं कीं, संघर्ष किया और बलिदान दिए, जबकि भाजपा और आरएसएस का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई उल्लेखनीय योगदान नहीं रहा। 

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में कितने आरएसएस कार्यकर्ता या भाजपा नेता जेल गए थे। उनके इस बयान पर सभा स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन जताया। खरगे ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राजनीतिक माहौल में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है और विपक्ष की आवाज को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस इन परिस्थितियों में भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। करीब 85 वर्ष की उम्र में भी मल्लिकार्जुन खरगे का भाषण कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने वाला रहा। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वह युवाओं की तरह दौड़ नहीं सकते, लेकिन जनता का हाथ पकड़कर उसके साथ मजबूती से चल सकते हैं। उनके इस भावनात्मक संदेश को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता और संघर्ष के आह्वान के रूप में लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय, बेरोजगारी और भेदभाव के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।

2027 की लड़ाई का रोडमैप, युवाओं और बदलाव के भरोसे मैदान में कांग्रेस–

हल्द्वानी की विजय शंखनाद रैली का सबसे बड़ा संदेश यही रहा कि कांग्रेस अब 2027 विधानसभा चुनाव को केंद्र में रखकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी नेताओं ने मंच से बार-बार यह संदेश देने की कोशिश की कि राज्य में बदलाव की जरूरत है और कांग्रेस उसके लिए तैयार है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य को चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने की रणनीति स्पष्ट दिखाई दी। खरगे ने कहा कि कांग्रेस के पास केवल सरकार की आलोचना करने का एजेंडा नहीं है, बल्कि राज्य और देश के विकास का स्पष्ट दृष्टिकोण भी है। उन्होंने कहा कि सत्ता मिलने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। महिलाओं के सम्मान, युवाओं के भविष्य और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार को कांग्रेस की प्राथमिकताओं में शामिल बताया गया। 

रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी दावा किया कि राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है। बेरोजगारी, महंगाई, भर्ती विवाद और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे लगातार जनता के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। पार्टी इन विषयों को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। सभा से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर रैली में आने वाले समर्थकों को रोकने का आरोप लगाया। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और अन्य नेताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस का आरोप था कि प्रशासनिक स्तर पर रैली को प्रभावित करने की कोशिश की गई, जबकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में अलग पक्ष सामने आया। यह रैली कांग्रेस के लिए केवल भीड़ जुटाने का कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि संगठन को चुनावी मोड में लाने का प्रयास भी थी। राहुल गांधी की देहरादून सभा के बाद हल्द्वानी की विजय शंखनाद रैली ने यह संदेश देने की कोशिश की कि कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड को चुनावी दृष्टि से गंभीरता से ले रहा है। 

राष्ट्रीय नेतृत्व की लगातार मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और पार्टी संगठन को भी नई सक्रियता मिली है। रैली के अंत में मल्लिकार्जुन खरगे ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के भाषणों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से जीते जाते हैं। उन्होंने लोगों से नफरत की राजनीति को नकारने और विकास, रोजगार तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों को समर्थन देने की अपील की। विजय शंखनाद रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी मनोज यादव, सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित अन्य वशिष्ठ कांग्रेसजन, विधायकगण, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सम्मानित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *