उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह-सुबह हल्की बर्फबारी और लगातार बारिश ने पूरे धाम को कड़ाके की ठंड की चपेट में ला दिया। तापमान गिरकर माइनस 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए। इसके बावजूद आस्था का जनसैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी ठंड और खराब मौसम के बीच भी श्रद्धालु सुबह से ही बाबा केदार के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। सुबह चार बजे से ही बारिश शुरू हो गई थी, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी पहले थी। आमतौर पर दोपहर बाद शुरू होने वाला बारिश का दौर इस बार सुबह से ही जारी रहा। इसके साथ घना कोहरा और तेज ठंड ने केदारघाटी के हालात को और कठिन बना दिया।
ठंडी हवाओं और फिसलन भरे रास्तों के कारण तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब मौसम का असर हेली सेवाओं पर भी साफ तौर पर देखने को मिला। लगातार बारिश और कोहरे के चलते हेलीकॉप्टर सेवाएं पूरी तरह से रोक दी गई हैं, जिससे कई श्रद्धालु प्रभावित हुए हैं। हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। सोनप्रयाग से मिल रही जानकारी के अनुसार, सुबह हल्की बारिश के बीच ही यात्रियों को केदारनाथ के लिए रवाना किया गया। हालांकि मौसम खराब होने के कारण यहां श्रद्धालुओं की संख्या पिछले कुछ दिनों की तुलना में कम देखने को मिली। बावजूद इसके, यात्रा पूरी तरह से बंद नहीं की गई और नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस और जवान सोनप्रयाग से केदारनाथ पैदल मार्ग तक तैनात किए गए हैं। हर संवेदनशील स्थान पर निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। इसी तरह गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में भी मौसम का असर देखने को मिला है। यहां खराब मौसम के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है, लेकिन यात्रा अब भी सुचारू रूप से जारी है। गंगोत्री में तापमान माइनस 4 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उत्तरकाशी पुलिस द्वारा लगातार मार्गों पर बैरिकेडिंग कर निगरानी रखी जा रही है। मौसम विभाग की चेतावनियों के बावजूद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने में जुटी हैं।
खराब मौसम के बावजूद रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु, यात्रा में उत्साह बरकरार
खराब मौसम के बाद भी चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। अब तक 6 लाख 60 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं, जो इस साल यात्रा के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है। इनमें सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं, जहां अब तक 3 लाख 10 हजार से ज्यादा लोगों ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। बद्रीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है और यहां 1 लाख 60 हजार से अधिक यात्री पहुंच चुके हैं।
वहीं यमुनोत्री में 1 लाख से ज्यादा और गंगोत्री में करीब 99 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। अब तक कुल 27.5 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 9 लाख 66 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं। इसके बाद बद्रीनाथ के लिए 8 लाख 18 हजार, गंगोत्री के लिए 4 लाख 73 हजार और यमुनोत्री के लिए 4 लाख 57 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।
इसके अलावा हेमकुंड साहिब के लिए भी 34 हजार से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रशासन के अनुसार, आने वाले दो दिनों यानी 4 और 5 मई को करीब 1 लाख 31 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद आस्था का यह प्रवाह लगातार जारी है, जो चारधाम यात्रा की महत्ता और श्रद्धालुओं की अटूट विश्वास को दर्शाता है।

















Leave a Reply