30 मई को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे

भारतीय जनजीवन में यदि किसी माध्यम ने समाज की चेतना को सबसे अधिक प्रभावित किया है तो वह पत्रकारिता है। कलम ने यहां केवल समाचार नहीं लिखे, बल्कि समय का इतिहास भी रचा। यही कारण है कि हिन्दी पत्रकारिता का इतिहास केवल अखबारों का इतिहास नहीं, बल्कि भारत के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और जनआन्दोलनकारी संघर्षों का जीवंत दस्तावेज भी है। 30 मई 2026 हिन्दी पत्रकारिता के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली दिन बनने जा रहा है, क्योंकि कल हिन्दी पत्रकारिता अपने स्वर्णिम दो सौ वर्ष पूरे करने जा रही है। यह केवल हिन्दी पत्रकारिता का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय भाषाई चेतना, जनसरोकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की दो सदियों लंबी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। संघर्ष, समर्पण, विचार, जनजागरण और राष्ट्र चेतना से भरी यह यात्रा आज देश के लिए गौरव का विषय बन चुकी है। 

आज जब सूचना का संसार पल भर में बदल जाता है, समाचार हाथों से निकलकर मोबाइल तक पहुंच गया है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में पत्रकारिता नई चुनौतियों और संभावनाओं के बीच खड़ी है, तब यह स्मरण करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि हिन्दी पत्रकारिता की शुरुआत किन कठिन परिस्थितियों में हुई थी। जिस समय देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा था, अंग्रेजी शासन का दबदबा था, हिन्दी भाषा को वह सम्मान नहीं मिला था जिसकी वह अधिकारी थी, उस दौर में एक व्यक्ति ने हिन्दीभाषियों की आवाज बनने का साहस किया। वह नाम था पंडित जुगल किशोर शुक्ल। 30 मई 1826 को कलकत्ता (अब कोलकाता) से उन्होंने हिन्दी का पहला समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ प्रकाशित किया। यह केवल एक समाचार पत्र नहीं था, बल्कि हिन्दी समाज की अस्मिता का उद्घोष था। उस समय अंग्रेजी, फारसी और बांग्ला भाषा के समाचार पत्र तो निकल रहे थे, लेकिन हिन्दी में कोई ऐसा माध्यम नहीं था जो हिन्दीभाषी जनता की बात कह सके। पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने इसी अभाव को पहचाना और हिन्दी पत्रकारिता की नींव रखी।

कलकत्ता (अब कोलकाता) के बड़ा बाजार क्षेत्र स्थित अमरतल्ला लेन, कोलूटोला से निकलने वाला यह साप्ताहिक समाचार पत्र प्रत्येक मंगलवार को प्रकाशित होता था। इसके संपादक, प्रकाशक और संचालक स्वयं पंडित जुगल किशोर शुक्ल ही थे। 

उस समय यह कार्य अत्यंत कठिन था। न संसाधन थे, न आर्थिक सहायता, न पाठकों का बड़ा आधार और न ही अंग्रेजी शासन का सहयोग। इसके बावजूद उन्होंने हिन्दी पत्रकारिता का दीप जलाया। ‘उदन्त मार्तण्ड’ का अर्थ ही था, समाचार सूर्य। अपने नाम के अनुरूप यह हिन्दी पत्रकारिता के आकाश में उगने वाला पहला सूर्य साबित हुआ। इसके पहले अंक की लगभग पांच सौ प्रतियां छपी थीं। उस समय यह संख्या भी बहुत बड़ी मानी जाती थी। हालांकि हिन्दीभाषी पाठकों की संख्या कलकत्ता में कम थी और हिन्दी प्रदेशों तक समाचार पत्र पहुंचाने में डाक खर्च अत्यधिक आता था। अंग्रेज सरकार से डाक दरों में छूट देने की मांग भी की गई, लेकिन उसे अस्वीकार कर दिया गया। अंग्रेजी शासन नहीं चाहता था कि हिन्दीभाषी समाज जागरूक हो और अपनी भाषा में संगठित चेतना विकसित करे। यही कारण था कि किसी सरकारी विभाग ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ की एक भी प्रति खरीदने तक की सहमति नहीं दी। आर्थिक कठिनाइयों के कारण अंततः 4 दिसम्बर 1827 को इसका प्रकाशन बंद करना पड़ा। अंतिम अंक में पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने अत्यंत भावुक शब्दों में लिखा था, “आज दिवस लौं उग चुक्यौ मार्तण्ड उदन्त, अस्ताचल को जात है दिनकर दिन अब अन्त।” यद्यपि ‘उदन्त मार्तण्ड’ का जीवन छोटा रहा, लेकिन उसने हिन्दी पत्रकारिता की ऐसी मशाल जलाई जिसकी रोशनी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंची। यही कारण है कि आज भी हिन्दी पत्रकारिता का इतिहास पंडित जुगल किशोर शुक्ल के नाम के बिना अधूरा माना जाता है। 

हिन्दी पत्रकारिता का यह सफर धीरे-धीरे राष्ट्रीय चेतना का माध्यम बन गया। स्वतंत्रता आन्दोलन के दौरान समाचार पत्रों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनमत तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पत्रकारिता केवल सूचना देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि वह आजादी के संघर्ष की सहभागी बन गई। उस समय समाचार पत्र निकालना किसी आंदोलन से कम नहीं था। अंग्रेज सरकार ने अनेक पत्र-पत्रिकाओं पर प्रतिबंध लगाए, संपादकों को जेल भेजा, जुर्माने लगाए और कई प्रकाशनों को जब्त कर लिया। इसके बावजूद पत्रकारिता का प्रवाह नहीं रुका। कानपुर से निकलने वाला ‘प्रताप’ समाचार पत्र इसी संघर्षशील पत्रकारिता का बड़ा उदाहरण बना। 9 नवम्बर 1913 को गणेश शंकर विद्यार्थी ने इसका प्रकाशन शुरू किया। ‘प्रताप’ ने क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों की आवाज को जनता तक पहुंचाया। विद्यार्थी जी ने पत्रकारिता को निर्भीकता, जनपक्षधरता और संघर्ष की नई पहचान दी। उनके लेखों ने अंग्रेजी शासन की नींव तक हिला दी थी।

हिन्दी पत्रकारिता के विकास में अनेक साहित्यकारों और पत्रकारों ने अपना योगदान दिया। महावीर प्रसाद द्विवेदी ने भाषा और विचार को नई दिशा दी। बालकृष्ण शर्मा नवीन, श्यामलाल गुप्त पार्षद, हसरत मोहानी, रमा शंकर अवस्थी जैसे पत्रकारों और साहित्यकारों ने पत्रकारिता को राष्ट्रीय भावना से जोड़ा। उस समय की पत्रकारिता केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व थी। धीरे-धीरे हिन्दी पत्रकारिता का विस्तार बढ़ता गया। उन्नीसवीं शताब्दी के अंत और बीसवीं शताब्दी के प्रारम्भ में ‘भारत मित्र’, ‘भारत जीवन’, ‘अभ्युदय’, ‘विश्वमित्र’, ‘आज’, ‘विजय’ और ‘अर्जुन’ जैसे समाचार पत्र सामने आए। बाद के वर्षों में ‘अमर उजाला’, ‘नवभारत टाइम्स’, ‘नई दुनिया’, ‘दैनिक जागरण’, ‘पंजाब केसरी’ और अनेक बड़े समाचार पत्रों ने हिन्दी पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाया।

जनचेतना से जनमाध्यम तक, बदलते समय में हिन्दी पत्रकारिता की नई भूमिका

दो सौ वर्षों में हिन्दी पत्रकारिता ने केवल अपना स्वरूप ही नहीं बदला, बल्कि समाज के बदलते स्वरूप के साथ स्वयं को भी निरंतर विकसित किया। एक समय था जब समाचार पत्र हाथ से सजाए जाते थे, छपाई में कई दिन लग जाते थे और समाचार गांव-गांव तक पहुंचने में सप्ताह गुजर जाता था। आज वही पत्रकारिता पल भर में संसार के किसी भी कोने तक पहुंच जाती है। तकनीक ने पत्रकारिता को नई गति दी है। पहले रेडियो और दूरदर्शन आए, फिर उपग्रह चैनलों का दौर शुरू हुआ और अब डिजिटल पत्रकारिता ने पूरी दुनिया को एक मंच पर ला दिया है। आज समाचार पत्र केवल कागज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मोबाइल, संगणक और सामाजिक मंचों पर भी उपस्थित हैं। 

समाचार अब चौबीसों घंटे लोगों तक पहुंच रहे हैं। हालांकि बदलते समय के साथ पत्रकारिता की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। समाचारों की तेजी के बीच सत्यता बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है। जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता, गांव-गरीब-किसान और आम नागरिक की आवाज को प्रमुखता देना आज भी उतना ही आवश्यक है जितना स्वतंत्रता आन्दोलन के समय था। हिन्दी पत्रकारिता ने समाज सुधार आंदोलनों में भी बड़ी भूमिका निभाई। शिक्षा, महिला अधिकार, सामाजिक कुरीतियों, स्वदेशी आंदोलन, किसान आंदोलन और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर हिन्दी पत्रकारिता हमेशा सक्रिय रही। यही कारण है कि हिन्दी पत्रकारिता को केवल समाचार माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त उपकरण माना जाता है। आज जब हिन्दी विश्व की प्रमुख भाषाओं में शामिल हो चुकी है, तब हिन्दी पत्रकारिता का प्रभाव भी वैश्विक स्तर तक पहुंच चुका है। विदेशों में बसे भारतीय भी हिन्दी समाचार माध्यमों से जुड़े हुए हैं। इंटरनेट और डिजिटल मंचों ने हिन्दी पत्रकारिता की पहुंच को अभूतपूर्व विस्तार दिया है।

लेकिन इन उपलब्धियों के बीच हिन्दी पत्रकारिता के मूल मूल्यों को बचाए रखना सबसे बड़ी आवश्यकता है। सत्य, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जनपक्षधरता ही पत्रकारिता की असली ताकत रही है। यही वे मूल्य हैं जिन्होंने ‘उदन्त मार्तण्ड’ से लेकर आज तक हिन्दी पत्रकारिता को समाज का विश्वसनीय दर्पण बनाए रखा।

दो सौ वर्षों का यह सफर हमें बताता है कि हिन्दी पत्रकारिता केवल खबरों का संसार नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है। पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा जलाया गया वह छोटा-सा दीप आज विशाल प्रकाशपुंज बन चुका है। 

समय बदला, माध्यम बदले, तकनीक बदली, लेकिन हिन्दी पत्रकारिता का मूल उद्देश्य आज भी वही है समाज को जागरूक करना, सच को सामने लाना और जनता की आवाज बनना। 30 मई 2026 को हिन्दी पत्रकारिता जब अपने स्वर्णिम दो सौ वर्षों के ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचेगी, तब यह केवल उत्सव का अवसर नहीं होगा, बल्कि आत्ममंथन का भी समय होगा। यह उन सभी पत्रकारों, संपादकों, लेखकों और मुद्रकों को नमन करने का क्षण होगा जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी कलम की लौ को बुझने नहीं दिया। ‘उदन्त मार्तण्ड’ से शुरू हुई यह यात्रा आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में भी हिन्दी पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आवाज बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *