दिल्ली बनी रणभूमि : जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में फिर जबरदस्त भिड़ंत, 16 मेट्रो स्टेशन बंद 

राजधानी दिल्ली में हालात अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के बीच एक बार फिर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे टॉल्स्टॉय मार्ग के पास अचानक माहौल हिंसक हो गया। पुलिस के अनुसार कुछ उपद्रवियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थरों और बोतलों से हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। करीब 15 मिनट तक चले इस टकराव में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए। 

इससे पहले दिन में पंजाबी बाग के एसीपी जय प्रकाश भी पत्थर लगने से घायल हुए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने नजर आ रहे हैं। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली भेजने का फैसला लिया। 

गृह मंत्रालय के निर्देश पर करीब 2000 जवानों को कोलकाता से एयरलिफ्ट कर राजधानी लाया गया। इन जवानों की तैनाती संवेदनशील इलाकों में की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। वहीं सुरक्षा कारणों से गुरुवार सुबह दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हालांकि शाम तक हालात सामान्य होने के बाद सभी मेट्रो स्टेशनों को फिर से खोल दिया गया और सेवाएं बहाल कर दी गईं।

अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की

आंदोलन के बीच अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को उनकी जरूरत है और उनका स्वस्थ रहना सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का आंदोलन आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाया जाएगा।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के एक जवान पर हमले के मामले में एफआईआर दर्ज की है। 

पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी आरएएफ जवान के साथ मारपीट करते, वाहन पर पथराव करते और उसमें तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। 

अदालत ने सरकार को निर्देश दिया कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखे जाएं ताकि जांच के दौरान कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट न हो। अदालत ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रदर्शनकारी आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *