चारधाम यात्रा : कठिन मौसम और लंबी यात्रा के बीच नहीं डगमगाई श्रद्धा, 92 श्रद्धालुओं ने गंवाई जान

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस बार आस्था, भीड़ और चुनौतियां भी बनकर सामने आ रही हैं। ऊंचे हिमालयी इलाकों में लगातार बदलते मौसम, ऑक्सीजन की कमी और कठिन पैदल मार्ग के बीच यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के सामने स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं भी खड़ी हो रही हैं। यात्रा शुरू होने के शुरुआती पांच हफ्तों के भीतर ही विभिन्न कारणों से 92 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कमजोर पड़ती नजर नहीं आ रही और बड़ी संख्या में लोग लगातार चारों धामों की ओर बढ़ रहे हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक मौतें केदारनाथ धाम में दर्ज की गई हैं। यहां अब तक 45 श्रद्धालुओं की जान जा चुकी है। बदरीनाथ धाम में 24, यमुनोत्री में 13 और गंगोत्री में 10 श्रद्धालुओं की मौत हुई है। 

अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश मौतें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की वजह से हुई हैं। इनमें हार्ट अटैक, सांस लेने में दिक्कत, ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी और अन्य गंभीर बीमारियां प्रमुख कारण मानी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि कई श्रद्धालु बिना पर्याप्त स्वास्थ्य जांच के यात्रा पर निकल रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलता है और वहां ऑक्सीजन का स्तर सामान्य इलाकों की तुलना में काफी कम होता है। ऐसे में बुजुर्गों, हृदय रोगियों और पहले से बीमार लोगों के लिए यात्रा जोखिम भरी साबित हो रही है। स्वास्थ्य विभाग लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि वे यात्रा से पहले मेडिकल जांच जरूर कराएं और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

एसईओसी के मुताबिक, एक श्रद्धालु की मौत केदारनाथ क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से भी हुई है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम लगातार मजबूत किए जा रहे हैं और हर संवेदनशील स्थान पर निगरानी बढ़ाई गई है। यात्रा रूट पर मेडिकल टीमें, एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविर तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। इस बार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सोमवार शाम तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। सबसे ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। केदारनाथ में अब तक करीब 8.72 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। 

बदरीनाथ धाम में 6.13 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री में क्रमशः 3.85 लाख और 3.87 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से यात्रा मार्गों पर दबाव भी बढ़ा है। पार्किंग, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। कई स्थानों पर लंबा जाम और घंटों इंतजार जैसी स्थितियां भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है और देशभर से लोग बड़ी संख्या में उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।

चारधाम यात्रा मार्ग में मौसम और स्वास्थ्य बना बड़ी चुनौती, प्रशासन अलर्ट मोड पर

चारधाम यात्रा को देखते हुए राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बीते दिनों मौसम लगातार बदलता रहा है। कहीं तेज धूप तो कहीं अचानक बारिश और बर्फबारी जैसी स्थितियों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ाई है। मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर बनाए हुए है। 

यात्रा मार्गों पर लगातार घोषणाएं कर श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग भी लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि यात्रा के दौरान अधिक थकान, तेज चढ़ाई और कम ऑक्सीजन के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। विशेष रूप से बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत बताई जा रही है। प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य जांच केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई है। चारधाम यात्रा के साथ-साथ सिखों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 

ऐसे में राज्य सरकार के सामने यात्रा प्रबंधन की चुनौती और बढ़ गई है। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर हर स्तर पर निगरानी की जा रही है। हालांकि लगातार बढ़ रही मौतों ने चिंता जरूर बढ़ाई है, लेकिन आस्था का प्रवाह थमता नहीं दिख रहा। कठिन मौसम, लंबा सफर और स्वास्थ्य जोखिमों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। उत्तराखंड के चारधामों में उमड़ रही यह भीड़ एक बार फिर यह साबित कर रही है कि आस्था के सामने हर कठिनाई छोटी पड़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *