हिमाचल प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 आईएएस और 16 एचएएस अधिकारियों के हुए तबादले, शासनादेश जारी

हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्य सचिव केके पंत की ओर से जारी आदेशों के तहत 18 आईएएस और 16 एचएएस अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियां की गई हैं। इस फेरबदल में लंबे समय से बिना विभाग के तैनाती का इंतजार कर रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुदेश कुमार मोख्टा को आखिरकार नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है। वहीं कई जिलों में अतिरिक्त उपायुक्त, एसडीएम, प्रबंध निदेशक और विभागीय प्रमुखों के पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सरकार का मानना है कि इस बदलाव से विभिन्न विभागों के कामकाज में तेजी आएगी और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। जारी आदेशों के अनुसार प्रिंसिपल सेक्रेटरी अभिषेक जैन को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ फाइनेंशियल कमिश्नर (अपील) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी सुदेश कुमार मोख्टा को सचिव, सहकारिता विभाग बनाया गया है। वहीं अमरजीत सिंह को सचिव, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीसीपी) नियुक्त किया गया है। वे सचिव, गृह विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालते रहेंगे।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत तोरुल एस. रवीश को निदेशक, भू-अभिलेख, अभिषेक वर्मा को निदेशक मिल्कफेड, अजय कुमार यादव को हिमाचल मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक तथा महेंद्र पाल गुर्जर को हिमाचल पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन में निदेशक (कार्मिक) बनाया गया है। कांगड़ा के अतिरिक्त उपायुक्त विजय कुमार को राज्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। राहुल जैन को अनुसूचित जाति एवं जनजाति वित्त एवं विकास निगम, सोलन तथा महिला विकास निगम, सोलन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। 

इसके अलावा वे डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। दिव्यांशू सिंघल को अतिरिक्त उपायुक्त एवं परियोजना निदेशक, सोलन, ओमकांत ठाकुर को राज्य हैंडीक्राफ्ट एवं हैंडलूम कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक तथा गुरसिमर सिंह को जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इशान जसवाल को अतिरिक्त उपायुक्त ऊना और रुपेंद्र कौर को अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर बनाया गया है। वहीं राजदीप सिंह को नगर निगम सोलन का आयुक्त नियुक्त किया गया है। अंजलि गर्ग को एसडीएम कांगड़ा तथा चंद्रप्रकाश को एसडीएम मंडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एचएएस अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारियां, कई जिलों में बदले एसडीएम

सरकार ने एचएएस अधिकारियों के स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए हैं। अश्वनी कुमार को परियोजना अधिकारी, आईटीडीपी केलांग नियुक्त किया गया है। एकता कप्टा को अतिरिक्त निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, शिमला बनाया गया है। वे अपने नए दायित्व के साथ राज्य चुनाव आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी। संजीव कुमार-1 को सहायक सेटलमेंट अधिकारी, अर्की तथा शिल्पी बेक्टा को अतिरिक्त सचिव, लोक निर्माण विभाग नियुक्त किया गया है। 

सुरजीत सिंह को अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सह परियोजना निदेशक, डीआरडीए कुल्लू, हितेश आजाद को सहायक सेटलमेंट अधिकारी, शिमला तथा सिद्धार्थ आचार्य को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) का कार्यकारी निदेशक बनाया गया है। सन्नी शर्मा को एसडीएम कुपवी तथा नरेश कुमार वर्मा को लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।इसके अलावा चेत सिंह को सचिव, राज्य परिवहन प्राधिकरण-सह-अतिरिक्त आयुक्त परिवहन बनाया गया है। गौरव चौधरी को अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, कांगड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। विश्रुत भारती को एसडीएम (सिविल) कफोटा, रमन कुमार शर्मा को एसडीओ (सिविल) फतेहपुर, अभिषेक बरवाल को एसडीएम (सिविल) घुमारवीं तथा पूजा अधिकारी को एसडीओ (सिविल) नगरोटा बगवां नियुक्त किया गया है।

सरकार ने अमन कुमार को हिमाचल प्रदेश हॉर्टिकल्चर प्रोड्यूस मार्केटिंग एंड प्रोसेसिंग कॉर्पोरेशन (एचपीएमसी) का महाप्रबंधक नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न विभागों और जिलों में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना, विकास कार्यों को गति देना तथा लंबे समय से लंबित पदस्थापनाओं को पूरा करना है। नई नियुक्तियों के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *