प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इटली यात्रा इस समय दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लेकिन इस बार सुर्खियों में किसी बड़े राजनीतिक बयान से ज्यादा एक छोटी-सी ‘मेलोडी’ टॉफी छाई हुई है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को पीएम मोदी द्वारा दिया गया यह खास गिफ्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग दोनों नेताओं की दोस्ती की जमकर चर्चा कर रहे हैं।
दरअसल, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक छोटा-सा वीडियो शेयर किया। करीब 12 सेकंड के इस वीडियो में मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में मेलोनी मुस्कुराते हुए कहती हैं, “प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। ये टॉफियां हैं, जो बहुत स्वादिष्ट हैं।” इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी कैमरे की तरफ ‘Melody’ टॉफी का पैकेट दिखाते हैं।
पैकेट दिखाने के बाद दोनों नेता हंस पड़ते हैं। यही पल अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग इसे भारत और इटली के रिश्तों की मिठास और दोनों नेताओं के दोस्ताना अंदाज का प्रतीक बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दीं। कई यूजर्स ने मशहूर लाइन “मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?” को लेकर मीम्स और पोस्ट शेयर किए। कुछ लोगों ने लिखा कि पीएम मोदी ने कूटनीति में भी भारतीय अंदाज की मिठास घोल दी। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंचे थे।
रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend!” यानी “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!” इस पोस्ट ने भी दोनों नेताओं की मजबूत दोस्ती की झलक दिखाई। इटली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी मेलोनी की ओर से आयोजित विशेष डिनर में भी शामिल हुए। डिनर के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच कई अहम वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत-इटली रिश्तों को नई मजबूती देने पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को भारत और इटली के रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ग्रीन एनर्जी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने पर चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और इटली फिलहाल 2025-2029 की संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना पर काम कर रहे हैं। इस योजना के तहत दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की तैयारी है। मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2025 में भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली ने भारत में 3.66 अरब डॉलर का निवेश किया है।प्रधानमंत्री मोदी के रोम पहुंचते ही वहां मौजूद भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे थे।
“मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कई लोगों से हाथ मिलाया। इस दौरान कुछ बच्चे प्रधानमंत्री मोदी के लिए हाथ से बनाए गए स्केच और तस्वीरें लेकर पहुंचे। बच्चों की इस प्रतिभा को देखकर पीएम मोदी काफी खुश नजर आए और उन्होंने उन तस्वीरों पर अपने हस्ताक्षर भी किए। यह दृश्य भी सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आया।

















Leave a Reply