देश का आधा हिस्सा गर्मी में तप रहा, सड़कों पर निकलना हुआ मुश्किल, दिन के बाद अब रातें भी बनीं आफत, पहाड़ों में भी पारा चढ़ा

देश इस समय भीषण गर्मी की दोहरी मार झेल रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है, जबकि बाजारों में नींबू पानी, गन्ने का रस, ठंडे पेय और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस बार रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा बना हुआ है। देश के 35 शहरों में गुरुवार रात पारा 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान के हनुमानगढ़ में रात का तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रातभर गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। ऐसे में पंखा और कूलर फेल हो गए हैं। उत्तर भारत के अधिकांश शहरों में पारा 45 से लेकर 47 के बीच में है।

लगातार गर्म बनी रातों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। देश का आधे से ज्यादा हिस्सा इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों के 24 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में भी पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखाई दे रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। 

गर्म हवाओं के थपेड़ों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिहार में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। पटना और गया में भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने 22 से 26 मई तक पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद करने का फैसला लिया है। हालांकि राज्य के मधेपुरा और सहरसा में बारिश जरूर हुई, लेकिन वहां बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में हालात और भी ज्यादा भयावह बने हुए हैं। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं। कई इलाकों में लोग पूरी रात कूलर और एसी चलाने के बावजूद चैन की नींद नहीं सो पा रहे। खेतों में काम करने वाले मजदूरों और सड़क किनारे काम करने वालों के लिए यह गर्मी सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में लोग सिर और चेहरा ढंककर सफर करते दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर लगातार लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।

पहाड़ों में भी गर्मी का असर, बारिश से कुछ जगह राहत

पहाड़ी राज्यों में भी इस बार गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं। उत्तराखंड के मैदानी जिलों में लोग तेज गर्मी से परेशान हैं, वहीं मसूरी, नैनीताल और लैंसडाउन जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। आमतौर पर ठंडे रहने वाले इन इलाकों में भी लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। उत्तराखंड में शुक्रवार को छह जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पांच जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। नैनीताल में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मैदानी इलाकों में दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर कम आवाजाही देखने को मिल रही है। 

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार सुबह कुछ जिलों में बारिश होने से लोगों को राहत मिली। कांगड़ा में सुबह बारिश दर्ज की गई, जबकि हमीरपुर के सुजानपुर और बड़सर इलाकों में भी हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के बाकी जिलों में ओलावृष्टि और खराब मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 मई को भी देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रहेगी। 

राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है। 

आंध्र प्रदेश, झारखंड और कर्नाटक में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल मौसम के तेवर साफ संकेत दे रहे हैं कि आने वाले कुछ दिन लोगों के लिए और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। देशभर में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा सिर्फ गर्मी की ही हो रही है। लोग सुबह उठते ही मौसम का हाल जान रहे हैं और हर कोई बस इसी इंतजार में है कि कब आसमान में बादल छाएं और तपती धरती को राहत मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *