दिल्ली की महिलाओं को आज से हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये, जानें पात्रता, दस्तावेज और आवेदन का तरीका

रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की तैयारी कर रही है। योजना के तहत 26 अगस्त को पात्र महिलाओं को योजना से जुड़े पत्र वितरित किए जाने हैं। वहीं, 1 सितंबर 2026 से पात्र लाभार्थियों के खातों में योजना की राशि का लाभ मिलना शुरू होने की जानकारी दी गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि इस तरह की सहायता से महिलाओं को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनने में मदद मिलेगी। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू की जा चुकी है। 

इसके लिए सरकार ने ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है। ऐसे में दिल्ली में रहने वाली वे महिलाएं जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं, योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं। हालांकि, आवेदन करने से पहले पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी अच्छी तरह समझ लेना जरूरी है। दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत हर पात्र महिला को हर महीने कुल 2500 रुपये का लाभ देने का प्रावधान बताया गया है। हालांकि, पूरी राशि सीधे नकद के रूप में उपलब्ध नहीं होगी। योजना के तहत 1000 रुपये हर महीने पात्र महिला के सीबीडीसी यानी डिजिटल रुपये वाले बटुए में दिए जाएंगे। 

इस राशि का इस्तेमाल सरकार द्वारा निर्धारित वस्तुओं और सेवाओं के लिए किया जा सकेगा। वहीं, बाकी 1500 रुपये हर महीने सावधि जमा या आवर्ती जमा खाते में जमा किए जाएंगे। यह राशि तत्काल निकालने के बजाय तीन साल की अवधि पूरी होने के बाद ब्याज सहित निकाली जा सकेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य महिलाओं को तत्काल आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत करने के लिए भी प्रोत्साहित करना है।

दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए क्या हैं शर्तें और कैसे करें आवेदन?

योजना का लाभ हर महिला को नहीं मिलेगा। सरकार ने इसके लिए कुछ पात्रता शर्तें निर्धारित की हैं। आवेदन करने वाली महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा उसके परिवार की कुल वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना के तहत एक परिवार से केवल एक महिला ही आवेदन कर सकेगी। साथ ही महिला का कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की स्थायी निवासी होना जरूरी बताया गया है। इसलिए आवेदन के दौरान दिल्ली में निवास से जुड़े दस्तावेज भी महत्वपूर्ण होंगे। कुछ महिलाओं और परिवारों को योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। यदि आवेदक महिला के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज है, तो वह योजना के लिए पात्र नहीं होगी। इसी तरह जिन महिलाओं के तीन से अधिक बच्चे हैं, उन्हें भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा ऐसे परिवार जिनके घर में सालाना 2400 यूनिट से अधिक बिजली की खपत होती है, जिनके परिवार का कोई सदस्य वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी भरता है या जिनके परिवार के पास कार अथवा कोई बड़ा वाहन है, वे भी योजना के लिए अपात्र माने जा सकते हैं। सरकारी नौकरी करने वाले या सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी के परिवारों को भी योजना से बाहर रखा गया है।

आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखना होगा। इनमें दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और पासपोर्ट आकार की तस्वीर शामिल हैं। इसके अलावा बैंक खाते की जानकारी देनी होगी। इसके लिए बैंक पासबुक या रद्द किया हुआ चेक मांगा जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इसके लिए सबसे पहले दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर आवेदन करने का विकल्प मिलेगा। वहां पंजीकरण के लिए दिए गए विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आधार कार्ड में दर्ज नाम और आधार संख्या भरनी होगी। महिला को अपना लिंग और जन्मतिथि दर्ज करने के बाद आगे बढ़ना होगा। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक बार इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड यानी ओटीपी आएगा। इसे दर्ज करने के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी और आवेदक को पंजीकरण पहचान संख्या तथा पासवर्ड मिल जाएगा।

इसके बाद इन जानकारियों की मदद से पोर्टल पर प्रवेश करना होगा। लॉगिन करने के बाद पात्रता से जुड़े सवालों के जवाब देने होंगे और आवश्यक घोषणाओं का सत्यापन करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, आधार से संबंधित विवरण और परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरनी होगी। बैंक खाते की जानकारी भरते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। खाता संख्या, बैंक का नाम, आईएफएससी कोड और खाताधारक के नाम जैसी जानकारी सही होनी चाहिए, क्योंकि योजना से जुड़ा भुगतान बैंक खाते से संबंधित विवरण के आधार पर किया जाएगा। आवेदन के दौरान क्षेत्रीय सांसद या विधायक की ओर से समर्थन और हस्ताक्षर वाला पत्र भी अपलोड करना होगा। सभी जानकारी भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बाद पूरे आवेदन पत्र को दोबारा जांच लेना चाहिए। किसी गलती की स्थिति में आवेदन के सत्यापन में परेशानी हो सकती है।

आवेदन सही पाए जाने पर उसे जमा करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद मिलने वाली पावती को डाउनलोड करके सुरक्षित रखना चाहिए। भविष्य में आवेदन की स्थिति जानने या किसी तरह की परेशानी होने पर यह पावती उपयोगी हो सकती है। इस योजना के जरिए दिल्ली सरकार का लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को नियमित सहायता उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि योजना में तत्काल खर्च के लिए राशि के साथ भविष्य की बचत का भी प्रावधान रखा गया है। हालांकि, लाभ लेने से पहले महिलाओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे सरकार द्वारा निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं और आवेदन में दी गई जानकारी सही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *