व्हाट्सऐप की कमान संभालेंगे कुणाल शाह : भारतीय उद्यमिता को मिली वैश्विक पहचान

तकनीक और उद्यमिता की दुनिया में भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिनटेक मंच सीआरईडी के संस्थापक और जाने-माने उद्यमी कुणाल शाह को व्हाट्सऐप का वैश्विक प्रमुख नियुक्त किए जाने की घोषणा ने तकनीक और कारोबार की दुनिया में नई चर्चा छेड़ दी है। इस नियुक्ति के साथ ही वह दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग मंच का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है जब मेटा ने सीआरईडी में 90 करोड़ डॉलर के बड़े निवेश का ऐलान किया है। इस निवेश के जरिए मेटा को कंपनी में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी और सीआरईडी का मूल्यांकन 4.5 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। कुणाल शाह अब विल कैथकार्ट की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। 

कैथकार्ट वर्ष 2019 से व्हाट्सऐप का नेतृत्व कर रहे थे और अब उन्हें मेटा के नए उत्पाद विकास और भविष्य की तकनीकों पर केंद्रित एक नए विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले व्हाट्सऐप की स्थापना वर्ष 2009 में जैन कौम ने की थी और उन्होंने 2018 तक इसके पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में काम किया था।

42 वर्षीय कुणाल शाह ने इस नई जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए कहा है कि वह सीआरईडी में अपनी रोजमर्रा की संचालन संबंधी जिम्मेदारियों से अलग हो जाएंगे। हालांकि, कंपनी में उनकी हिस्सेदारी बनी रहेगी और वह शेयरधारक के रूप में जुड़े रहेंगे। उनके इस फैसले को भारतीय स्टार्टअप जगत के लिए एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। कुणाल शाह का जीवन संघर्ष, जोखिम और नए प्रयोगों की कहानी है। 

उनका जन्म अहमदाबाद में हुआ, लेकिन उनका पालन-पोषण मुंबई में हुआ। उन्होंने विल्सन कॉलेज से दर्शनशास्त्र की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने प्रबंधन की पढ़ाई शुरू की, लेकिन पारंपरिक नौकरी की राह चुनने के बजाय बीच में ही पढ़ाई छोड़कर कारोबार की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया। उनकी उद्यमिता यात्रा का सबसे बड़ा मोड़ वर्ष 2010 में आया, जब उन्होंने संदीप टंडन के साथ मिलकर फ्रीचार्ज की स्थापना की। उस समय देश में डिजिटल भुगतान की शुरुआत हो रही थी और मोबाइल रिचार्ज के लिए आसान मंच की जरूरत महसूस की जा रही थी। 

फ्रीचार्ज ने ग्राहकों को रिचार्ज के साथ आकर्षक पुरस्कार देने की नई सोच अपनाई, जिसने बहुत कम समय में इसे युवाओं के बीच लोकप्रिय बना दिया। स्मार्टफोन और इंटरनेट के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने फ्रीचार्ज को देश के सबसे चर्चित इंटरनेट मंचों में शामिल कर दिया। कंपनी की तेज सफलता ने बड़े निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा और वर्ष 2015 में स्नैपडील ने करीब 40 करोड़ डॉलर में इसका अधिग्रहण कर लिया। उस समय यह भारतीय स्टार्टअप जगत की सबसे बड़ी कारोबारी सौदों में गिनी गई।

फ्रीचार्ज से सीआरईडी तक, लगातार नए प्रयोगों की पहचान

फ्रीचार्ज से बाहर आने के बाद कुणाल शाह ने खुद को केवल एक उद्यमी तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कई नई तकनीकी कंपनियों में निवेश किया और युवा संस्थापकों का मार्गदर्शन भी किया। इसी दौरान उन्होंने भारत के बदलते वित्तीय व्यवहार को करीब से समझा और महसूस किया कि जिम्मेदारी से कर्ज का भुगतान करने वाले ग्राहकों के लिए भी एक अलग मंच बनाया जा सकता है।इसी सोच के साथ वर्ष 2018 में सीआरईडी की शुरुआत हुई। शुरुआत में यह मंच समय पर क्रेडिट कार्ड बिल जमा करने वाले ग्राहकों को पुरस्कार देने के उद्देश्य से बनाया गया था। धीरे-धीरे इसने वित्तीय सेवाओं का विस्तार किया और आज यह लाखों ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। 

कंपनी का दावा है कि वह देश में क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान के बड़े हिस्से को संसाधित करती है। मेटा का 90 करोड़ डॉलर का निवेश केवल एक कारोबारी सौदा नहीं माना जा रहा, बल्कि यह भारतीय फिनटेक क्षेत्र पर वैश्विक भरोसे का भी संकेत है। इस निवेश से सीआरईडी को नई तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सेवाओं और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विस्तार का अवसर मिलेगा। वहीं मेटा को भारत जैसे विशाल बाजार में अपनी वित्तीय सेवाओं की रणनीति मजबूत करने में मदद मिल सकती है। कुणाल शाह की नियुक्ति व्हाट्सऐप के लिए भी नई दिशा तय कर सकती है। भारत दुनिया में व्हाट्सऐप का सबसे बड़ा बाजार है और यहां करोड़ों लोग रोजाना इस मंच का उपयोग करते हैं। 

ऐसे में एक भारतीय उद्यमी का नेतृत्व कंपनी को स्थानीय जरूरतों के साथ वैश्विक विस्तार की नई रणनीति बनाने में मदद कर सकता है। कुणाल शाह अपने अलग सोचने के अंदाज, जोखिम लेने की क्षमता और नई कारोबारी अवधारणाओं के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि भविष्य उन्हीं कंपनियों का होगा जो ग्राहकों की आदतों को समझकर तकनीक को आसान और भरोसेमंद बनाएंगी। एक साधारण छात्र से सफल उद्यमी और फिर दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग मंच के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का उनका सफर भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा की मिसाल बनकर सामने आया है। यह कहानी केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि उस नए भारत की भी कहानी है, जहां नवाचार, तकनीक और उद्यमिता वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *