हंसी से पेट पकड़ने और डर से कुर्सी पकड़ने के लिए तैयार हो जाइए, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भूत बंगला का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही साफ हो गया है कि अक्षय कुमार अपने उसी पुराने कॉमिक अवतार में लौट आए हैं, जिसे देखने के लिए दर्शक सालों से तरस रहे थे। डर, कॉमेडी, अजीबोगरीब हालात और जोरदार डायलॉग्स से भरा यह ट्रेलर शुरू से अंत तक हंसी का फुल पैकेज साबित हो रहा है।
मेकर्स ने पहले चार्ट-बस्टर गानों, दिलचस्प पोस्टर और टीजर से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई थी, लेकिन ट्रेलर ने आते ही सारी उम्मीदों को और ऊंचा कर दिया है। ट्रेलर का टोन क्लासिक हॉरर-कॉमेडी स्टाइल में है, जहां डराने वाली हवेली, अजीब घटनाएं और बीच-बीच में फूट पड़ती कॉमेडी आपको पुराने दौर की याद दिलाती है। यही वजह है कि दर्शकों को यह ट्रेलर सीधे उस दौर में ले जाता है, जब अक्षय कुमार कॉमिक टाइमिंग के बेताज बादशाह माने जाते थे।
ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी हवेली से होती है, जिसे ‘भूत बंगला’ कहा जाता है। इस हवेली से जुड़ी कहानी में बताया जाता है कि यहां शादी करने वाला जोड़ा सुरक्षित नहीं रहता और “वधूसुर” नाम का भूत फिर लौट आता है। इसी डर और रहस्य के बीच अक्षय कुमार की एंट्री होती है और यहीं से शुरू होता है कॉमेडी का तूफान। हवेली के भीतर उन्हें असरानी मिलते हैं, जिनका अजीब व्यवहार कहानी को और मजेदार बनाता है। इसके बाद स्क्रीन पर आते हैं राजपाल यादव जिनकी एंट्री के साथ ही ट्रेलर हंसी के अगले स्तर पर पहुंच जाता है।
ट्रेलर में पुराने दौर की याद दिलाने वाले कई सीन्स और डायलॉग्स भी देखने को मिलते हैं। निर्देशक Priyadarshan ने अपनी क्लासिक कॉमेडी फिल्मों की झलक इसमें शामिल की है। यही वजह है कि फिल्म का माहौल पूरी तरह से क्लासिक हॉरर-कॉमेडी जैसा बन गया है। अक्षय कुमार की एक्सप्रेशंस, उनकी डायलॉग डिलीवरी और कॉमिक टाइमिंग ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है।
ट्रेलर में डर और कॉमेडी का संतुलन भी बेहतरीन तरीके से दिखाया गया है। एक तरफ हवेली का रहस्य और भूत की कहानी है, तो दूसरी तरफ अजीब परिस्थितियों में फंसे किरदारों की मजेदार हरकतें। कई जगहों पर अक्षय कुमार के आइकोनिक स्टाइल वाले डायलॉग्स भी सुनने को मिलते हैं, जो दर्शकों को जोरदार हंसी का मौका देते हैं।
14 साल बाद लौटी अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी, गोल्डन तिकड़ी ने बढ़ाया मजा
इस ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियत यह भी है कि अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी करीब 14 साल बाद फिर से साथ आई है। दोनों ने पहले भी कई सुपरहिट कॉमेडी फिल्मों में साथ काम किया है और दर्शकों को खूब हंसाया है। अब एक बार फिर यह जोड़ी हॉरर-कॉमेडी के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। ट्रेलर देखकर ही साफ है कि इस बार भी मेकर्स ने पुरानी यादों को नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल और राजपाल यादव की “गोल्डन तिकड़ी” भी नजर आ रही है। तीनों की कॉमिक केमिस्ट्री ट्रेलर में ही शानदार दिख रही है। इनके साथ असरानी का कॉमिक तड़का फिल्म को और मजेदार बना देता है। कई सीन ऐसे हैं जहां सिर्फ किरदारों की बॉडी लैंग्वेज ही हंसी निकाल देती है।
ट्रेलर में हवेली का रहस्य धीरे-धीरे गहराता है और किरदार अलग-अलग अजीब परिस्थितियों में फंसते जाते हैं। इसी बीच कॉमेडी और डर का मिश्रण लगातार बना रहता है। खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ डराने की कोशिश नहीं करती, बल्कि हर डरावने पल के बाद हंसी का जोरदार डोज देती है।
कुल मिलाकर ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर दर्शकों के लिए एक फुल एंटरटेनमेंट पैकेज साबित हो रहा है। अक्षय कुमार की पुरानी कॉमिक फॉर्म, प्रियदर्शन की क्लासिक स्टाइल और गोल्डन तिकड़ी की केमिस्ट्री ने फिल्म को रिलीज से पहले ही चर्चा में ला दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह हॉरर-कॉमेडी सिनेमाघरों में दर्शकों को कितना हंसाती और डराती है, लेकिन ट्रेलर ने इतना जरूर साबित कर दिया है कि इस बार मनोरंजन का भूत सच में छाने वाला है।











Leave a Reply