पल्स 2026: महाराष्ट्र बनेगा ग्लोबल हेल्थकेयर हब

पल्स 2026: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिखाया 2047 का विज़न

 मुंबई में आयोजित पल्स 2026 ने महाराष्ट्र को वैश्विक हेल्थकेयर और रिकवरी हब बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम के रूप में अपनी पहचान बनाई। इस दो दिवसीय समिट का उद्घाटन करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि राज्य का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना नहीं, बल्कि इसे नवाचार, निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत स्तंभ बनाना है। उन्होंने कहा, “हम आज सिर्फ एक सम्मेलन का उद्घाटन नहीं कर रहे, बल्कि आने वाले दशक में हेल्थकेयर के विकास की दिशा तय कर रहे हैं।” फडणवीस ने राज्य की उस रणनीति पर जोर दिया, जिसके तहत हर नागरिक को 5 से 8 किलोमीटर के दायरे में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

समिट में डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लीनिकल इनोवेशन और मेडिकल एजुकेशन जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।   सुनेत्रा पवार ने तकनीक और समावेशी विकास को भविष्य की कुंजी बताते हुए कहा, “पल्स 2026 एक ऐसा मंच है जो नवाचार और सहयोग के जरिए हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करता है।” वहीं हसन मुशरिफ़ और मधुरी मिसल ने मेडिकल एजुकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

पल्स 2026 ने नीति-निर्माताओं, उद्योग और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाकर न केवल विचार-विमर्श को गति दी, बल्कि महाराष्ट्र को हेल्थकेयर ट्रांसफॉर्मेशन के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव भी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *