Advertisement

एटीएम से पैसे निकालने पर अब नहीं चलेगी बैंकों की मनमानी, आरबीआई के नए नियम लागू

एटीएम से नकदी निकालने के बाद खाते से अतिरिक्त शुल्क कटने की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं। कई बार ग्राहकों को यह भी पता नहीं चलता कि महीने में मिलने वाले मुफ्त लेनदेन की सीमा कब समाप्त हो गई। अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने ऐसी परेशानियों को कम करने के लिए एटीएम और पीओएस मशीनों से नकदी निकासी से जुड़े नियमों को नए सिरे से व्यवस्थित किया है। आरबीआई ने 27 नवंबर 2026 को 17 पुराने सर्कुलर को एक साथ मिलाकर ‘एटीएम और पीओएस कैश निकासी निर्देश, 2026’ जारी किए हैं। नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इनका उद्देश्य ग्राहकों को लेनदेन से जुड़े शुल्क की स्पष्ट जानकारी देना, बैंकों की जवाबदेही तय करना और असफल लेनदेन की स्थिति में ग्राहकों के हितों की रक्षा करना है। हालांकि, नए निर्देशों में मुफ्त एटीएम लेनदेन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बचत खाता धारकों को अपने बैंक के एटीएम से हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी। दूसरे बैंक के एटीएम के लिए मेट्रो और गैर-मेट्रो शहरों के हिसाब से अलग-अलग सीमाएं लागू रहेंगी। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब बैंकों को ग्राहकों को उनके मुफ्त लेनदेन की संख्या और सीमा समाप्त होने के बाद लगने वाले शुल्क की जानकारी देनी होगी। इससे ग्राहकों को यह पता रहेगा कि महीने में कितनी बार मुफ्त एटीएम सेवा का इस्तेमाल किया जा चुका है और अगली बार पैसे निकालने पर कितना शुल्क देना पड़ सकता है।

आरबीआई ने अपने बैंक के एटीएम से मिलने वाली मुफ्त लेनदेन की सुविधा को बरकरार रखा है। बचत खाता धारक हर महीने अपने बैंक के एटीएम से पांच बार बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के लेनदेन कर सकेंगे। इसमें केवल नकदी निकालना ही शामिल नहीं है, बल्कि गैर-वित्तीय लेनदेन भी इसी सीमा में गिने जाते हैं। मसलन, एटीएम से खाते में उपलब्ध रकम की जानकारी लेना, मिनी स्टेटमेंट निकालना और अन्य निर्धारित गैर-वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करना भी मुफ्त लेनदेन की संख्या में शामिल हो सकता है। इसका मतलब है कि ग्राहक को पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा का इस्तेमाल सोच-समझकर करना होगा। यदि महीने के शुरुआती दिनों में ही सभी मुफ्त लेनदेन पूरे हो जाते हैं तो उसके बाद एटीएम का इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।

दूसरे बैंक के एटीएम से नकदी निकालने पर मुफ्त लेनदेन की सीमा शहरों की श्रेणी के आधार पर तय की गई है। मेट्रो शहरों में ग्राहक हर महीने दूसरे बैंक के एटीएम से तीन मुफ्त लेनदेन कर सकते हैं। वहीं गैर-मेट्रो शहरों में यह सुविधा पांच मुफ्त लेनदेन तक उपलब्ध है। इन सीमाओं में वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों प्रकार के लेनदेन शामिल हैं। इसलिए दूसरे बैंक के एटीएम से केवल पैसे निकालने के बजाय बैलेंस चेक करने या मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करते समय भी ग्राहकों को अपनी मुफ्त सीमा का ध्यान रखना होगा।

आरबीआई ने मुफ्त लेनदेन की निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद लगने वाले शुल्क की अधिकतम सीमा 23 रुपये प्रति लेनदेन रखी है। इसके अतिरिक्त लागू कर भी वसूला जा सकता है। यानी यदि कोई ग्राहक महीने में निर्धारित मुफ्त लेनदेन पूरे होने के बाद एटीएम से पैसे निकालता है या अन्य निर्धारित सेवा का इस्तेमाल करता है तो बैंक उससे अतिरिक्त शुल्क ले सकता है। हालांकि, बैंक निर्धारित अधिकतम सीमा से अधिक शुल्क नहीं वसूल सकते। ग्राहकों को यह समझना जरूरी है कि 23 रुपये की सीमा मुफ्त लेनदेन समाप्त होने के बाद लागू होती है। निर्धारित मुफ्त सीमा के भीतर किए गए पात्र लेनदेन पर यह शुल्क नहीं लगाया जा सकता।

दूसरे बैंक के एटीएम से एक बार में अधिकतम 10 हजार रुपये निर्धारित 

दूसरे बैंक के एटीएम से एक बार में नकदी निकालने की अधिकतम सीमा 10 हजार रुपये निर्धारित बताई गई है। हालांकि, ग्राहकों को यह भी ध्यान रखना होगा कि संबंधित बैंक की दैनिक निकासी सीमा और एटीएम की क्षमता के आधार पर वास्तविक निकासी की सुविधा अलग हो सकती है। कई बैंक अपने ग्राहकों के डेबिट कार्ड और खाते के प्रकार के अनुसार प्रतिदिन नकदी निकालने की अलग-अलग सीमा तय करते हैं। इसलिए ग्राहकों को अपने बैंक की निर्धारित सीमा की जानकारी भी रखनी चाहिए। नए निर्देशों का एक अहम पहलू ग्राहकों को जानकारी देने से जुड़ा है। अब बैंकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि ग्राहकों को उनके मासिक मुफ्त एटीएम लेनदेन के इस्तेमाल की जानकारी मिलती रहे। उन्हें यह भी बताया जाना होगा कि मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद अगला लेनदेन करने पर कितना शुल्क देना पड़ सकता है। अभी कई बार ग्राहक को इस बात की जानकारी नहीं होती कि उसके मुफ्त लेनदेन पूरे हो चुके हैं। ऐसे में खाते से शुल्क कटने के बाद ही उसे इसका पता चलता है। आरबीआई के नए निर्देशों से इस तरह की स्थिति में कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा बैंकों को अपने एटीएम पर यह जानकारी भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी कि संबंधित मशीन मेट्रो क्षेत्र में है या गैर-मेट्रो क्षेत्र में। इसकी वजह यह है कि दोनों क्षेत्रों में दूसरे बैंक के एटीएम से मुफ्त लेनदेन की सीमा अलग-अलग है। एटीएम पर इस जानकारी के उपलब्ध होने से ग्राहक अपनी मुफ्त सीमा का बेहतर तरीके से हिसाब रख सकेंगे।

तकनीकी खराबी से लेनदेन फेल होने पर नहीं कटेगा शुल्क

आरबीआई ने असफल एटीएम लेनदेन को लेकर भी ग्राहकों को राहत देने वाले प्रावधान स्पष्ट किए हैं। यदि तकनीकी खराबी या बैंक की वजह से कोई निर्धारित लेनदेन असफल हो जाता है और ग्राहक को नकदी नहीं मिलती है तो ऐसे लेनदेन को मुफ्त मासिक सीमा में नहीं गिना जाएगा। इसके लिए ग्राहक से कोई शुल्क भी नहीं लिया जा सकेगा। उदाहरण के तौर पर यदि कोई व्यक्ति एटीएम से पैसे निकालने पहुंचता है, लेकिन मशीन में तकनीकी खराबी के कारण नकदी नहीं निकलती है तो बैंक उस प्रयास को मुफ्त लेनदेन की संख्या में शामिल नहीं कर सकता। यदि खाते से रकम कट गई है और नकदी नहीं मिली है तो ग्राहक संबंधित बैंक में शिकायत दर्ज करा सकता है। 

ऐसी शिकायतों के निपटारे और रकम वापस करने के लिए पहले से लागू मानकीकृत समयसीमा के नियम जारी रहेंगे। बैंकों को निर्धारित समय के भीतर शिकायत का समाधान और पात्र मामलों में रकम वापस करनी होगी । आरबीआई के नए निर्देशों में मुफ्त एटीएम लेनदेन की संख्या या अतिरिक्त शुल्क की दर में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। असली जोर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर है। अब ग्राहकों को मुफ्त लेनदेन की सीमा, अतिरिक्त शुल्क और एटीएम की श्रेणी की जानकारी देना बैंकों के लिए जरूरी होगा। 17 पुराने सर्कुलर को एक ही मास्टर निर्देश में समाहित करने से एटीएम और पीओएस नकदी निकासी से जुड़े नियमों को समझना भी आसान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *