उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स को नई उड़ान, नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन शुरू, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी

उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स और सीमांत पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” का औपचारिक आगाज शनिवार को उत्साह और जोश के माहौल में हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने कार्यक्रम के तहत आयोजित काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के प्रतीक “क्यालु-हिम तेंदुआ” का अनावरण भी किया। इस मौके पर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की पहल का स्वागत किया। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य के युवाओं के आत्मविश्वास, साहस और संकल्प को नई दिशा देगा। सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का युवा आज हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि राज्य के युवाओं में देश और समाज के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा मौजूद है। उन्होंने कहा कि आज यहां गूंज रहे युवाओं के कदम आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और मानसिक मजबूती को परखने का माध्यम भी है। नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ना आसान नहीं है। इसके लिए हिमालय जैसा अडिग विश्वास, बुलंद हौंसला और कठिन परिस्थितियों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है। 

उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और संस्कृति का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिकता के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि तेजी से आगे बढ़ते नए उत्तराखंड की पहचान भी बन चुका है। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन इसी नए उत्तराखंड की ताकत, क्षमता और संभावनाओं का प्रतीक बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का भी जिक्र किया, जिसमें सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम नहीं, बल्कि पहला गांव बताया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उसी सोच को जमीन पर उतारने का प्रयास है और इससे सीमांत क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के जरिए सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खेल आयोजन कराना नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना भी है। उन्होंने कहा कि आगामी 31 मई को नीति घाटी की पवित्र और दुर्गम धरती पर होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के खेल और एडवेंचर पर्यटन के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है। 

यह इस बात का संकेत है कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन को लेकर युवाओं और एडवेंचर प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के जरिए खेल और फिटनेस को जनआंदोलन का रूप दिया गया है। उत्तराखंड सरकार भी उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए युवाओं को खेल और साहसिक गतिविधियों से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं और राज्य सरकार इन संभावनाओं को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 

नीति घाटी में आयोजित होने वाला यह अल्ट्रा रन आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना सकता है। सीएम धामी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लें तथा सुरक्षित रूप से इसे पूरा कर राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्सव है। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगी संस्थाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन उत्तराखंड की नई पहचान बनेगा और सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *