वृंदावन का माहौल सोमवार तड़के उस समय अचानक मायूसी में बदल गया, जब हजारों श्रद्धालुओं को पता चला कि प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज स्वास्थ्य खराब होने के कारण अपनी नियमित रात्रि पदयात्रा पर नहीं निकलेंगे। रोज की तरह देर रात से ही भक्त मार्गों के किनारे खड़े होकर महाराजजी के दर्शन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन तड़के करीब तीन बजे उनके स्थान पर आश्रम के शिष्य पहुंचे और लाउडस्पीकर से घोषणा की गई कि महाराजजी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए आज से उनकी पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की जा रही है। घोषणा होते ही वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं में निराशा छा गई।
कई भक्त देश के अलग-अलग राज्यों से केवल महाराजजी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। आश्रम की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे सड़कों के किनारे भीड़ न लगाएं और महाराजजी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करें। रोजाना “राधे-राधे” के जयकारों से गूंजने वाली वृंदावन की गलियां सोमवार सुबह कुछ शांत और भावुक दिखाई दीं। भक्तों को उम्मीद थी कि शायद महाराजजी थोड़ी देर से बाहर आएंगे, लेकिन जब शिष्यों ने स्वास्थ्य संबंधी सूचना दी तो लोगों को बिना दर्शन लौटना पड़ा। कई श्रद्धालु भावुक भी नजर आए। केली कुंज आश्रम के अनुसार, प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। बताया गया है कि पिछले करीब 21 वर्षों से उन्हें किडनी की गंभीर समस्या है। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपनी साधना, सेवा और भक्तों से जुड़ाव को नहीं छोड़ा।
प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन तड़के करीब तीन बजे श्री हित राधा केली कुंज आश्रम से सौभरी वन के लिए पदयात्रा पर निकलते हैं। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी यह यात्रा अब केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन चुकी है। महाराजजी के दर्शन के लिए रोज हजारों लोग वृंदावन पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या 15 से 20 हजार तक रहती है, जबकि सप्ताहांत, विशेष पर्वों और छुट्टियों में यह आंकड़ा लाखों तक पहुंच जाता है।
महाराजजी की लोकप्रियता पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। उनके प्रवचन सोशल मीडिया पर करोड़ों लोग सुनते हैं। खासकर युवाओं के बीच उनकी विशेष पहचान बनी है। वे अपने प्रवचनों में प्रेम, भक्ति, संयम, परिवार, सनातन संस्कृति और राधा-कृष्ण भक्ति को सरल भाषा में समझाते हैं। यही कारण है कि देश-दुनिया से लोग वृंदावन पहुंचकर उनसे आशीर्वाद लेने आते हैं। आश्रम प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि फिलहाल महाराजजी के “एकांतिक दर्शन” भी स्थगित रहेंगे। इससे उन श्रद्धालुओं को भी निराशा हुई, जो व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलने पहुंचे थे। हालांकि आश्रम की ओर से कहा गया है कि जैसे ही स्वास्थ्य में सुधार होगा, आगे की जानकारी भक्तों को दी जाएगी।
फिल्म, क्रिकेट और राजनीति जगत की बड़ी हस्तियां भी पहुंचती हैं वृंदावन
प्रेमानंद महाराज के भक्तों में केवल आम श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि देश की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा कई बार वृंदावन पहुंचकर महाराजजी से आशीर्वाद ले चुके हैं। दोनों की मुलाकातों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहे। इसके अलावा केएल राहुल, अथिया शेट्टी, रविचंद्रन अश्विन समेत क्रिकेट और फिल्म जगत से जुड़े कई लोग समय-समय पर आश्रम पहुंचते रहे हैं। मनोरंजन जगत के कलाकारों से लेकर उद्योगपति और कारोबारी भी महाराजजी के सत्संग में शामिल होते हैं। राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई बड़े नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी उनसे मिलने वृंदावन पहुंचते रहे हैं।
अलग-अलग राज्यों के राजनीतिक चेहरे निजी तौर पर उनसे आशीर्वाद लेने आते हैं। हालांकि आश्रम की ओर से इन मुलाकातों को हमेशा सामान्य आध्यात्मिक भेंट ही बताया जाता है। महाराजजी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सादगी और सहज जीवनशैली मानी जाती है। वे अपने प्रवचनों में बार-बार यह संदेश देते हैं कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन में प्रेम, सेवा और विनम्रता का व्यवहार ही सच्ची साधना है। यही वजह है कि युवा पीढ़ी भी बड़ी संख्या में उनसे जुड़ रही है। सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर भी भक्तों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
लाखों लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। “राधे-राधे महाराजजी जल्द स्वस्थ हों” जैसे संदेश लगातार साझा किए जा रहे हैं। फिलहाल वृंदावन में भक्तों के बीच एक ही प्रार्थना है कि प्रेमानंद महाराज जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपनी पदयात्रा शुरू करें। जिन गलियों में हर रात श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ता था, वहां फिलहाल एक खालीपन महसूस किया जा रहा है। भक्तों को अब उस दिन का इंतजार है, जब फिर से तड़के तीन बजे वृंदावन की सड़कों पर “राधे-राधे” का जयघोष गूंजेगा और प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर निकलते दिखाई देंगे।

















Leave a Reply