Exit polI कहीं कांटे की टक्कर, कहीं साफ बढ़त! एग्जिट पोल ने बढ़ाया सियासी सस्पेंस, 4 मई को होगा फाइनल फैसला 

देश के पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के बाद सामने आए एग्जिट पोल ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। कहीं कांटे की टक्कर है तो कहीं एकतरफा बढ़त के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, ये सिर्फ अनुमान हैं और असली तस्वीर 4 मई को आने वाले नतीजों के बाद ही साफ होगी। फिलहाल एग्जिट पोल ने राजनीतिक दलों के साथ-साथ जनता की दिलचस्पी भी चरम पर पहुंचा दी है।

सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल की हो रही है, जहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। कई एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है, जिससे राज्य की सियासत में बड़ा बदलाव संभव माना जा रहा है। मैट्रिज के एग्जिट पोल में भाजपा को 146 से 161 सीटें और टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं चाणक्य स्ट्रैटजीज ने भाजपा को 150 से 160 और टीएमसी को 130 से 140 सीटें दी हैं। प्रजा पोल ने तो भाजपा को 178 से 200 सीटों तक पहुंचा दिया है, जबकि टीएमसी 85 से 110 सीटों तक सिमटती दिख रही है। हालांकि, सभी एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में नहीं हैं। पीपल्स पल्स और जनमत जैसे सर्वे में ममता बनर्जी की वापसी का अनुमान लगाया गया है। पीपल्स पल्स के मुताबिक टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा 95 से 110 सीटों पर सिमट सकती है। 

जनमत ने तो टीएमसी को 195 से 205 सीटें तक दे दी हैं, जो स्पष्ट बहुमत से कहीं ज्यादा है। ऐसे में बंगाल की तस्वीर पूरी तरह से उलझी हुई नजर आ रही है।

तमिलनाडु की बात करें तो यहां मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। ज्यादातर एग्जिट पोल डीएमके गठबंधन को बहुमत देते नजर आ रहे हैं। मैट्रिज के अनुसार डीएमके प्लस को 122 से 132 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एआईएडीएमके प्लस को 87 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है। लेकिन VoteVibe और JVC जैसे सर्वे में एआईएडीएमके को 114 से 147 सीटें मिलती दिखाई गई हैं, जिससे मुकाबला बेहद कांटे का हो गया है। इसके अलावा टीवीके (TVK) को 8 से 40 सीटें मिलने का अनुमान है, जो सत्ता की चाबी अपने हाथ में ले सकता है और दोनों बड़े गठबंधनों के लिए गेमचेंजर बन सकता है। 

केरल में भी सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। अधिकांश एग्जिट पोल कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं। मैट्रिज के मुताबिक यूडीएफ को 70 से 75 सीटें मिल सकती हैं, जबकि लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) 60 से 65 सीटों पर सिमट सकता है। चाणक्य के सर्वे में यूडीएफ को 72 से 80 सीटें और एलडीएफ को 58 से 64 सीटें दी गई हैं। वहीं एक्सिस माय इंडिया के अनुसार यूडीएफ को 73 से 80 सीटें और एलडीएफ को 49 से 62 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा यहां अब भी हाशिये पर नजर आ रही है, हालांकि कुछ सर्वे उसे 0 से 3 सीटें देते दिख रहे हैं।

असम में भाजपा का दबदबा, पुडुचेरी में NDA मजबूत—लेकिन सस्पेंस बरकरार

असम में एग्जिट पोल लगभग एकतरफा तस्वीर पेश कर रहे हैं। यहां भाजपा गठबंधन की वापसी तय मानी जा रही है। MATRIZE के अनुसार भाजपा को 88 से 98 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन 22 से 32 सीटों तक सीमित रह सकता है। चाणक्य स्ट्रैटजीज ने भाजपा को 85 से 95 और कांग्रेस को 25 से 32 सीटें दी हैं। पोल डायरी के मुताबिक भाजपा 86 से 101 सीटें हासिल कर सकती है, जबकि कांग्रेस 15 से 26 सीटों तक सिमट सकती है। एक्सिस माय इंडिया ने भी भाजपा को 88 से 100 सीटें दी हैं, जो बहुमत के आंकड़े 64 से काफी ऊपर है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि असम में भाजपा की पकड़ मजबूत बनी हुई है। पुडुचेरी में भी एनडीए गठबंधन का दबदबा दिख रहा है। 

प्रजा पोल के मुताबिक भाजपा प्लस को 19 से 25 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन 6 से 8 सीटों तक सीमित रह सकता है। एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा गठबंधन को 16 से 20 सीटें और कांग्रेस को 6 से 8 सीटें दी हैं। यहां तस्वीर अपेक्षाकृत साफ नजर आ रही है, लेकिन अंतिम नतीजे ही इसे पुख्ता करेंगे। इन पांच राज्यों के एग्जिट पोल ने सियासी हलचल तेज कर दी है। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में जहां कड़ा मुकाबला दिख रहा है, वहीं असम और पुडुचेरी में सत्ता बरकरार रहने के संकेत हैं। 

केरल में बदलाव की हवा बहती दिख रही है। हालांकि, यह याद रखना जरूरी है कि एग्जिट पोल केवल एक अनुमान होते हैं, जो मतदाताओं के रुझानों पर आधारित होते हैं। कई बार ये पूरी तरह सटीक साबित नहीं होते। अब सभी की निगाहें 4 मई पर टिकी हैं, जब असली नतीजे सामने आएंगे और यह तय होगा कि किस राज्य में किसकी सरकार बनेगी। तब तक के लिए सियासी गलियारों में अटकलों और चर्चाओं का दौर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *